सड़क दुघर्टना में बुआ व भतीजा की दर्दनाक मौत

मऊ। मधुबन थाना क्षेत्र के तिनहरी गांव के समीप शहीद मार्ग पर बुधवार की दोपहर बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में पलट गई। जिसमें सवार कटघरा शंकर निवासी 70 वर्षीय विद्यावती देवी व हलधरपुर थाना के बहरवार मठिया निवासी 50 वर्षीय अवधेश गिरि की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि कार चला रहा मृतक का छोटा भाई दिनेश गिरि बाल बाल बच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजनों का रोते-रोते बुरा हाल हो गया। कटघरा शंकर निवासी विद्यावती पत्नी स्व. सूर्यभान गिरि बीमार होने के कारण चार दिन पूर्व अपने मायका बहरवार मठिया गांव में गई थी। उसके भतीजे अवधेश गिरि व दिनेश गिरि इलाज के लिए उसे मऊ ले गए थे। चिकित्सक को दिखाने के बाद उसे पहुंचाने कटघरा शंकर गांव जा रहे थे। इसी बीच मधुबन मऊ शहीद मार्ग पर स्थित तिनहरी गांव के समीप बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें बुआ विद्यावती देवी व भतीजा अवधेश गिरि की मौत हो गई।। मधुबन थाना के कटघरा शंकर गांव निवासी मृतक विद्यावती देवी के इकलौते बेटे व सीआरपीएफ जवान सत्येंद्र की दो साल पहले ही सड़क दुघर्टना में मौत हो गई थी। इस परिवार का वारिस कृष्णा की उम्र अभी 15 वर्ष का है । उसकी तीन छोटी बहनें सलोनी, खुशी व बच्ची (नाम अज्ञात) हैं।दूसरे मृतक हलधरपुर थाना के बहरवार मठिया निवासी मृतक अवधेश गिरि का परिवार पूना में रहता है। उसके तीन लड़के हैं। कुछ दिनों पूर्व ही अवधेश पूना से घर आया था। इस घटना से दोनों परिवारों में मातम छाया हुआ है।

