जाने आज क्यों किया गया है बलिया बंद का आह्वान

बलिया के निर्दोष पत्रकारों की रिहाई एवं डीएम और एसपी के निलंबन की मांग को लेकर ‘संयुक्त पत्रकार संघर्ष मोर्चा’ के बैनर तले चल रहे धरना के अंतर्गत गुरुवार को हुई बैठक में 16 अप्रैल को बलिया बंद करने की घोषणा की गई। जिले के विभिन्न व्यापारी संगठनों के अलावा छात्र संगठनों की ओर से इसका समर्थन किया गया है। बलिया बंद को सफल बनाने के लिए व्यापारी और छात्र संगठनों की ओर पूरी ताकत झोंकने के लिए तैयारियां अभी से ही तेज हो गई हैं।बैठक में बलिया बंद का समर्थन उप्र राज्य कर्मचारी महासंघ बलिया, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ बलिया, उप्र प्राथमिक शिक्षामित्र संघ बलिया, सेवा निवृत्त शिक्षक कर्मचारी/ अधिकारी समन्वय समिति बलिया, डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन बलिया, रसोइया संघ, कोटेदार संघ, अधिवक्ता संघ, टैक्स बार एसोसिएशन बलिया, भूतपूर्व सैनिक संगठन बलिया, ट्रेड यूनियन बलिया, छात्र संगठन, जनपद के विभिन्न व्यापारी संगठनों के अलावा राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने किया है। वही बलिया बंद को देखते हुए प्रशासन पुरी तरह से अलर्ट है और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए है।

