भाजपा का झंडा व बैनर फाड़ने पर सपा लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष सहित 26 पर केस दर्ज

मऊ : भाजपा का झंडा व कैबिनेट मंत्री एके शर्मा का बैनर सपा कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा के दौरान फाड़ दिया। इस मामले में सपा लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष सहित दो नामजद व 25 अज्ञात कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कोतवाली में केस दर्ज किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को सपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पदयात्रा निकाली गई थीं। कलेक्ट्रेट जाने के दौरान बीच रास्ते में गाजीपुर तिराहा पर भाजपा का झंडा और नगर विकास व उर्जा मंत्री का बैनर फाड़ दिया गया। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित गया। भाजपा कार्यकर्ता राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने केस दर्ज करने के लिए लिखित तहरीर शहर कोतवाल प्रमेंद्र कुमार सिंह को दी। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने भीटी चौक निवासी सपा लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मयंक पांडेय, कोपागंज थाना के सहरोज निवासी सोनू राय उर्फ सोनू पंडित सहित 25 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

