विशेषाधिकार समिति ने पूर्व एसपी इलामरन, डॉक्टर सौरभ त्रिपाठी और पूर्व एसओ को किया तलब

जागरण संवाददाता, मऊ : घोसी लोकसभा क्षेत्र के सपा सांसद राजीव राय पर दर्ज केस के मामले में लोकसभा की विशेषाधिकार समिति ने तात्कालीन व वर्तमान एसपी एटा इलामारन, तत्कालीन थाना प्रभारी सरायलखंसी व वर्तमान समय में भदोही जिले में तैनात निरीक्षक राजकुमार सिंह व जिला अस्पताल के ईएनटी डा़ सौरभ त्रिपाठी को तलब किया है। समिति ने तीनों को 05 अगस्त की दोपहर बाद तीन बजे तक उपस्थित होने की नोटिस गृह मंत्रालय के माध्यम से संबंधित विभागों को भेजा है।
बता दें कि सांसद 16 अक्टूबर 2024 को जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। आपोडी निरीक्षण के दौरान ईएनटी डा़ सौरभ त्रिपाठी से चैंबर में विवाद हो गया था। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। इसमें मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा़ धनंजय कुमार सिंह ने डाक्टर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। इसका जवाब डाक्टर की तरफ से सीएमएस को भेजा गया। इसके बाद सरायलखंसी पुलिस को नोटिस के जवाब को ही तहरीर बनाकर केस दर्ज करने के लिए दिया। इसके आधार पर सरायलखंसी पुलिस ने 17 अक्टूबर 2024 को सांसद के विरुद्ध नामजद केस दर्ज किया। सांसद ने 22 अक्टूबर 2024 को लोकसभा की विशेषाधिकारी समिति के समक्ष बिना साक्ष्य के केस दर्ज, पक्षपातपूर्ण और अपमानजक व्यवहार करने का आरोप लगाया था। समिति ने शिकायत का संज्ञान लेकर तीनों को मौखिक साक्ष्य के लिए तलब किया है। साथ ही लोकसभा सचिवालय ने तीनों के उपस्थिति की पुष्टि का पत्र भी गृह मंत्रालय को उपलब्ध कराने को कहा है।

