जिलाधिकारी के आदेश पर सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जा जमाने वालो के खिलाफ एफ0आई0आर0 दर्ज

जिलाधिकारी अरुण कुमार के आदेश पर सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जा जमाये सर्वजीत सिंह पुत्र त्रिभुवन सिंह, जनार्दन सिंह पुत्र चंद्रभान एवं गुलाब सिंह पुत्र हरिनारायण निवासी ग्राम भदीड, तहसील मोहम्मदाबाद गोहना के खिलाफ एफ0आई0आर0 दर्ज कराया गया। जन सुनवाई के दौरान दिनांक 25 मई 2022 को आवेदनकर्ता मारकंडेय सिंह पुत्र स्व0 उदयभान सिंह ग्राम भदीड़, तहसील मुहम्मदाबाद गोहना, जनपद मऊ ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि गाटा संख्या 148,149, 150 व 151 जो बंजर नवीन परती के खाते में दर्ज है, उस पर गुलाब सिंह पुत्र हरिनारायण एवं अन्य ने कब्जा कर रखा है, जिसके कारण आबादी का पानी उसके खेत में इकट्ठा हो जाता है एवं उसकी फसल बर्बाद हो जाती है। आवेदनकर्ता के प्रार्थना पत्र को जिलाधिकारी ने संज्ञान में लेते हुए उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना को निर्देश दिए कि तत्काल मौके पर जांच करें एवं शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ एफ0आई0आर0 दर्ज कराएं। उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना द्वारा तहसीलदार मुहम्मदाबाद गोहना के नेतृत्व में टीम बनाकर मौके पर जांच कराई गई। जिसमें आराजी संख्या 149 पर सर्वजीत सिंह पुत्र त्रिभुवन, आराजी संख्या 150 व 151 पर जनार्दन सिंह पुत्र चंद्रभान व गुलाब सिंह पुत्र हरिनारायण का अवैध कब्जा पाया गया। इनके द्वारा स्वतः कब्जा नहीं हटाने पर जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में थाना कोतवाली मुहम्मदाबाद गोहना में एफ0आई0आर0 दर्ज कराया गया।

