यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का माननीय राष्ट्रपति  ने किया समापन, यूपी सरकार के प्रयासों को सराहा





 

 

*उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए सबसे सुरक्षित स्थल, निवेशकों के उज्जवल भविष्य मनोकामना- माननीय मुख्यमंत्री जी*

 

*ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के समापन समारोह का हुआ सजीव प्रसारण, अधिकारियों सहित उद्यमियों ने किया प्रतिभाग।*

 

मऊ। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू  द्वारा समापन किया गया ।इस पूरे समापन समारोह का जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें सभी संबंधित अधिकारियों सहित जनपद की उद्यमियों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया।

समापन समारोह में अपने संबोधन के दौरान माननीय राष्ट्रपति जी ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की सफलता पर सरकार के प्रयासों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस निवेश महाकुंभ के माध्यम से प्रदेश में बड़ी संख्या में निवेशकों ने भरोसा जताया है, जिसके कारण प्रदेश के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा जनसंख्या वाला राज्य है, जिसका भारत की अर्थव्यवस्था में एक महत्वपूर्ण योगदान है। उत्तर प्रदेश देश में खाद्यान्न उत्पादन के साथ ही कई अन्य उत्पादों में भी प्रथम स्थान रखता है, जिसके कारण इस प्रदेश में उद्योगों के विकास की असीम संभावना है। विशेषकर फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में नई नीति में दी गई सुविधाओं से इस क्षेत्र में उद्योगों के विकास की भरपूर संभावना है। माननीय राष्ट्रपति जी ने प्रदेश में इतने बड़े निवेश पर उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हुआ है, जो निवेशकों को आकर्षित करने में सहायक रहा है। देश एवं प्रदेश में के निर्यात में एक जनपद एक उत्पाद का महत्वपूर्ण स्थान है। निवेशकों के लिए यह एक आकर्षक क्षेत्र है। इसमें निवेश से रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने विकास एवं पर्यावरण में संतुलन के प्रयास के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों की भी सराहना की। माननीय राष्ट्रपति महोदय ने उत्तर प्रदेश में महिला उद्यमियों के विकास में उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिस समाज में महिला का विकास होगा वह समाज व देश स्वतः विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के प्रयासों से शीघ्र ही यह उत्तम प्रदेश बन जाएगा, जिससे मुझे खुशी होगी।

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के समापन समारोह के दौरान अपने संबोधन में माननीय मुख्यमंत्री श्री आदित्यनाथ योगी जी ने कहा कि इस निवेश महाकुंभ के माध्यम से सभी सेक्टरों से कुल 35 लाख 50 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जो प्रदेश के समस्त 75 जनपदों से हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सर्वाधिक पिछड़े पूर्वांचल क्षेत्र में 9 लाख 54 हजार492 करोड़ एवं बुंदेलखंड क्षेत्र में से 4 लाख 27 हजार 873 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इस पूरे निवेश प्रस्ताव से लगभग 93 लाख से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा। इस ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से उत्तर प्रदेश आने वाले समय में एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य प्राप्त करेगा। अपने संबोधन के दौरान माननीय मुख्यमंत्री जी ने बताया कि इस इन्वेस्टर्स समिट में 40 देशों के लोग सहभागी बने। इसके अलावा 10 देश पार्टनर कंट्री के रूप में इस निवेश महाकुंभ में सम्मिलित हुए। माननीय मुख्यमंत्री जी ने निवेशकों के उज्जवल भविष्य की मनोकामना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए अब सबसे सुरक्षित गंतव्य बन चुका है। यहां पर बेहतर कानून व्यवस्था एवं तकनीक के कारण निवेशक आकर्षित हो रहे हैं। 6 साल पहले इस प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था लेकिन अब ऐसी स्थिति नहीं है।

इस पूरे समापन समारोह के सजीव प्रसारण के दौरान जिलाधिकारी  अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक  अविनाश पांडे, मुख्य विकास अधिकारी  प्रशांत नागर सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं जनपद के उद्यमी उपस्थित रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< कृषि विभाग में योजना का लाभ पाने हेतु जल्द करें आवेदन
लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ की जाएगी कठोरतम कार्यवाही- जिलाधिकारी >>