जिले में 16 लाख से अधिक को खिलाई फाइलेरिया से बचाव की दवा

मऊ। जिले में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत लोगों को इससे बचाने की दवा स्वास्थ्यकर्मियों के जरिये खिलाई जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रशांत नागर ने इस अभियान की मध्यावधि समीक्षा बैठक की । उन्हें स्वास्थ्य विभाग ने अवगत कराया कि 27 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान में पूरे जनपद में अब तक 16,22,048 लोगों को फाइलेरिया से बचाने की दवा खिलाई जा चुकी है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नरेश अग्रवाल ने दी।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि बैठक में शामिल इस अभियान से जुड़े सभी कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने फ्रंट लाइन कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों को समझा कर दवा का सेवन अपने सामने ही करायें। लोगों को समझाएं कि दवा खाने से बचने के लिए बहाने बिल्कुल भी न करें, आज का यही बहाना आपको जीवनभर के लिए मुसीबत में डाल सकता है। दवाओं का सेवन कर समाज को फाइलेरिया मुक्त बनाएं।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व नोडल अधिकारी वेक्टर बार्न डिजीज डॉ आरएन सिंह ने बताया कि दवा खाने के बाद जी मिचलाना, चक्कर या उल्टी आए तो घबराएं नहीं। ऐसा शरीर में फाइलेरिया के परजीवी होने से हो सकता है, जो दवा खाने के बाद मरते हैं। ऐसी प्रतिक्रिया कुछ देर में स्वतः ठीक हो जाती है। इस जानकारी से भी लोगों को अवगत कराएं ताकि इस दवा का ज्यादा से ज्यादा सेवन कराया जा सके। बैठक में आईसीडीएस से डीपीओ अजीत कुमार सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी बेदी यादव, पाथ से डॉ नीरज पाण्डेय, नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी, , पंचायती राज अधिकारी, सभी ब्लाक के बीडीओ, अल्प संख्यक कल्याण विभाग के प्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

