नाली विवाद में लाठी डंडे से पीटकर एक की हत्या





 

मऊ। थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव में नाली के विवाद को लेकर कुछ दबंगों ने एक व्यक्ति लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दिया। रविवार की सुबह नाली के विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष से लगभग 4 से 5 लोगों ने मिलकर दूसरे पक्ष के ऋषिकेश यादव पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे 53 वर्षीय ऋषिकेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

आपको बता दें यह पूरा मामला थाना दोहरीघाट क्षेत्र अंतर्गत बीबीपुर गांव का है। जहां रविवार की सुबह लगभग 9:00 बजे नाली के विवाद को लेकर गांव के ही दो पक्षों में कहासुनी होने लगी, देखते ही देखते मामला तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट में बीबीपुर गांव निवासी ऋषिकेश यादव (53) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घटना की जानकारी पुलिस के आला अधिकारियों को देते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नाली के विवाद में हुई हत्या की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे के साथ अपर पुलिस अधीक्षक महेश सिंह अत्री व क्षेत्राधिकारी घोसी उमाशंकर सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।

घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है। वही घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार की सुबह हुए इस हत्याकांड के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। हत्या की खबर गांव में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद गांव के लोग मृतक ऋषिकेश यादव के घर के पास घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं।

जिला चिकित्सालय स्थित पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मृतक ऋषिकेश यादव के भतीजे अभिषेक यादव ने बताया कि घर के बगल में नबदान को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है। लेकिन इसके बावजूद भी विपक्षियों द्वारा वहां पानी बहाया जा रहा था, जिसका विरोध मेरे चाचा ऋषिकेश यादव द्वारा किया गया तो विपक्षियों ने लाठी डंडे से उनके ऊपर हमला कर दिया। जिससे उनके सर में गंभीर चोट आ गई और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

अभिषेक ने आगे बताया कि घटनास्थल पर मेरे चाचा ऋषिकेश यादव अकेले थे और विपक्षियों में रामकरण, गिरजा सिंह और उनके लड़कों के द्वारा मारपीट कर मेरे चाचा की हत्या कर दी गई। घटना के बाद चाचा को ऑटो में रखकर दोहरीघाट सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक महेश सिंह अत्री ने बताया कि रविवार की सुबह ग्राम बीबीपुर के धनंजय यादव द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि पड़ोस में रहने वाले भगत सिंह पुत्र गिरजा शंकर सिंह के द्वारा नाली खोद कर पानी निकाला जा रहा है। जिसका मेरे पिता ऋषिकेश यादव द्वारा विरोध किया गया तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें ऋषिकेश यादव को गंभीर चोटें आई, उनको अस्पताल ले जाया गया तो वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने आगे बताया कि तहरीर के आधार पर भगत सिंह पुत्र गिरजा शंकर सिंह के साथ चार अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौके पर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे, एडिशनल एसपी महेश सिंह अत्री, क्षेत्राधिकारी उमाशंकर उत्तम, उप जिलाधिकारी सुरेश कुमार, घटनास्थल का जायजा लिया गया है। वहीं मौके पर शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< साइलेंट किलर बन रहा मौसमी बदलावः डॉ संजय सिंह
कजरी की मोहक गान से अनुगुंजित हुआ तमसा तट* >>