दायित्वों का निर्वहन न करने पर दो लेखपाल निलंबित

मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में तहसील सदर के ग्राम शहरोज में राहत चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम वासियों को क्षेत्रीय लेखपाल,कानूनगो एवं अन्य ग्राम स्तरीय अधिकारियों से परिचय कराते हुए आपदा की स्थिति में प्राथमिक रूप से इनसे संपर्क करने को कहा। साथ ही जिला स्तरीय आपदा कंट्रोल रूम, एनडीआरएफ कंट्रोल रूम एवं राहत आयुक्त कार्यालय के टोल फ्री नंबर 1070 से भी उपस्थित ग्रामीणों को अवगत कराया। इस दौरान संबंधित राजस्व निरीक्षक ने सर्वप्रथम सर्पदंश, बज्रपात, डूबना तथा अतिवृष्टि/बाढ़ तथा अन्य घटित आपदाओं के संबंध में ग्राम वासियों को अवगत कराते हुए शासन द्वारा संचालित योजनाओं में मिलने वाले आपदा राहत के विषय में भी विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को ग्राम शहरोज से लगे हुए पारा शहरोज बंधे पर कटान निरोधक कार्य की जानकारी लेते हुए पर्याप्त मात्रा में मिट्टी, जियो बैग, ई0सी0 बैग, नायलान क्रेट, वायर क्रेट इत्यादि का पर्याप्त मात्रा में भंडारण करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी लेते हुए उन्होंने सहायक अभियंता विद्युत को किए जाने वाले कार्यों हेतु टीम का गठन कर लेने को कहा। इसके अलावा बाढ़ संवेदनशील क्षेत्र से व्यक्तियों, पशुओं की सुरक्षा हेतु खेत के चारों ओर लगे बिजली के तारों को भी हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को क्षेत्र में स्थापित सभी हैंडपंपों को ठीक रखने के निर्देश दिए, जिससे बाढ़ के दौरान पीने योग्य पानी की समस्या ना उत्पन्न हो। इसके अलावा गांव के प्रमुख नाले एवं नालियों की नियमित सफाई करने के भी निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को सभी पशुओं की ईयर टैगिंग एवं टीकाकरण सुनिश्चित करने के साथ ही पशु कैंप स्थल चिन्हित करते हुए आपदा की स्थिति में पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा/भूसा आदि का भी प्रबंध करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी को आशा,आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं ए0एन0एम0 द्वारा गर्भवती, धात्री तथा 0 से 5 वर्ष के शिशु, लंबी बीमारी से ग्रसित व्यक्ति, दिव्यांग, वृद्ध तथा कमजोर वर्ग के ऐसे व्यक्ति जो स्वयं अपनी मदद नहीं कर सकते उन्हें चिन्हित कर सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए। शासन के निर्देशानुसार बाढ़ से संबंधित कार्य में लगे जनपद स्तर के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों,आपदा मित्रों, नागरिक सुरक्षा, गोताखोरों, नवीको व अन्य वॉलिंटियर्स के मोबाइल नंबर तथा पते की डायरेक्टरी अभी तक तैयार ना करने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर को इसे तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक बाढ़ प्रभावित/ संवेदनशील ग्राम के न्यूनतम 30 लोगों के नाम व मोबाइल नंबर का संग्रह कर एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के भी निर्देश दिए, जिसमें मौसम संबंधी चेतावनी, नदियों के जल स्तर की रियल टाइम जानकारी के साथ ही नजदीकी शरणालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इत्यादि की भी जानकारी साझा की जाए। उन्होंने उप जिलाधिकारी को बांध के आसपास के ग्राम वासियों को आपदा से बचने से सतर्क रहने हेतु नियमित संवाद करने, बाढ़ की स्थिति से उन्हें अवगत कराने, तथा बाढ़ चौकियों का औचक निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने लाइफ जैकेट एवं बाढ़ के समय उपयोग हेतु अन्य उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। चौपाल के दौरान ही जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों से बाढ़ के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं सहित अन्य स्थानीय समस्याओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान एक पुराना नाला टूटने के कारण हर वर्ष खेतों में जलभराव की स्थिति, शहरोज बाईपास बन जाने के कारण खेतों में भरे हुए पानी की निकासी का ना होना, हाईवे के दोनों तरफ नाला बनाए जाने तथा बीच ग्राम में स्थित पोखरे में बरसात के पानी की निकासी में उत्पन्न अवरोध को हटाए जाने जैसी समस्याओं से ग्रामीणों ने अवगत कराया। ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं से संबंधित ग्राम के दोनों लेखपाल श्री अजय कुमार राय एवं श्री राजकुमार ने अनभिज्ञता प्रकट की साथ ही शासन द्वारा निर्धारित दायित्वों का अभी तक किसी भी तरह की तैयारी ना करने के कारण जिलाधिकारी ने इन दोनों लेखपालों को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही अवर अभियंता सिंचाई विभाग द्वारा ग्राम के संवेदनशील जलजमाव स्थल, तटबंध कटान स्थल, बाढ़ का पानी का प्रवेश मार्ग इत्यादि का अभी तक चिन्हांकन नही करने पर अवर अभियंता सिंचाई विभाग को प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान करने के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान खाद एवं रसद, लोक निर्माण, पशुपालन एवं कृषि विभाग का कोई भी कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित नहीं था। इस संबंध में उप जिलाधिकारी द्वारा कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया। इसके अलावा शासन के निर्देशानुसार तैयारियों में लापरवाही करने पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। राहत चौपाल के आयोजन के दौरान नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर, खंड विकास अधिकारी कोपागंज, क्षेत्रीय लेखपाल, पंचायत सचिव, सहायक अभियंता विद्युत, विभाग बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग एवं अन्य विभागों के ग्राम स्तरीय कर्मचारी ग्राम प्रधान एवं भारी संख्या में ग्राम वासी उपस्थित थे।

