जाने मऊ में भरत मिलाप का कब होगा आयोजन

जागरण संवाददाता, मऊ : शहर का ऐतिहासिक भरत मिलाप रविवार को आयोजित कर सोमवार की भोर में संपन्न कराया जाएगा। शनिवार को रामलीला समिति की हुई बैठक में निर्णय लिया गया। भरत मिलाप को लेकर एक बार फिर प्रशासन की तरफ से तैयारी शुरू कर दिया गया है। वहीं सुरक्षा व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की तैनाती को लेकर नए सिरे से समीक्षा की जा रही है।
भरत मिलाप का आयोजन शुक्रवार की रात को शुरू होकर शनिवार को संपन्न होना था। इसकी तैयारी भी लगभग पूरी हो चुकी थी। दोपहर बाद से देर रात तक झमाझम बारिश होती रही। इसकी वजह से भरत मिलाप का जुलूस नहीं निकल पाया। जबकि रामलीला समिति ने देर रात तक बारिश रूकने का इंतजार किया। बारिश नहीं रूकने की वजह से समिति ने भरत मिलाप का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। रामलीला समिति के मंत्री संजय वर्मा ने बताया भरत मिलाप का जुलूस शीतला माता मंदिर से रात में निकलकर जगह-जगह रूकते हुए दूसरे दिन सुबह में पहुंचता है। लगातार बारिश होने की वजह से जुलूस नहीं निकल पाया था। इसकी वजह से भरत मिलाप का आयोजन स्थगित किया गया था। रविवार की रात को जुलूस निकलेगा और सोमवार की भाेर में भरत मिलाप कार्यक्रम संपन्न होगा।

