राहुल उर्फ आयुष यादव हत्याकांड: पुलिस ने मुठभेड़ में चार आरोपितों को मारी गोली





** , *एक को घेर कर पकड़ा* 

 

-- भोर में 2:45 बजे की घटना, उभाव पुलिस ने की कार्रवाई 

 

 बलिया: जनपद के उभांव क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहुल उर्फ आयुष यादव हत्याकांड में वांछित पांच आरोपितों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान चार आरोपित गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल बलिया में भर्ती कराया गया है, जबकि एक को घेराबंदी कर सुरक्षित गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर को तड़के लगभग 02:45 बजे उभांव थाना पुलिस टीम रात्रि गश्त एवं वांछित अभियुक्तों की तलाश में थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चैनपुर के पास बंधे पर कुछ बदमाश कई वाहनों के साथ एकत्र होकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साज़िश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चेकिंग व तलाशी का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बदमाशों ने स्वयं को घिरा हुआ पाते ही पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में चार बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल अवस्था में गिरफ्तार आरोपितों ने अपने नाम नितिश यादव उर्फ अभयरंजन, आशीष यादव उर्फ सतीश यादव, दिलीप यादव उर्फ राका और राहुल वर्मा बताए। सभी के पैरों में गोली लगने की पुष्टि हुई है। आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उनका एक अन्य साथी आनन्द कुमार वर्मा मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उन्होंने गत 13 दिसंबर को बेल्थरा रोड कस्बे में आयुष यादव की गोली मारकर हत्या की थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहे थे। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो चार पहिया वाहन, आयुष यादव की हत्या में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, तथा भारी मात्रा में अवैध असलहा व कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियारों में 7.82 बोर और .32 बोर की पिस्टलें तथा .315 बोर के तमंचे शामिल हैं।

घायल आरोपितों का उपचार सदर अस्पताल बलिया में पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< बाइक डिवाइडर से टकराई एक की मौत, दूसरा घायल
जाने मऊ में लघु एवं मध्यम उद्यम विकास को लेकर क्यों हुआ एक्सपर्ट का जमावड़ा >>