जाने मऊ में लघु एवं मध्यम उद्यम विकास को लेकर क्यों हुआ एक्सपर्ट का जमावड़ा





 

"

 

शीतकालीन सत्र के समापन के बाद घोसी लोकसभा के सांसद राजीव राय इन दिनों अपनी संसदीय क्षेत्र में सक्रिय हैं। घोसी सांसद राजीव राय लोकसभा चुनाव के दौरान अपनी कही हुई हर बातों को अमल में लाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। राजीव राय ने अपने लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान कहा था, यदि मैं सांसद बनता हूं तो मेरी आवाज घोसी लोकसभा के साथ-साथ राष्ट्रीय पटल पर भी गूंजेगी, जो अब काफी हद तक पूरा होता हुआ दिख भी रहा है। 

 

अभी हाल ही में समाप्त हुए लोकसभा के शीतकालीन सत्र में घोसी सांसद ने घोसी लोकसभा के स्थानीय तथा विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों को बेबाकी से सदन में उठाया।

अब घोसी सांसद राजीव राय अपने लोकसभा क्षेत्र के छोटे-बड़े तथा मझले उद्यमियों के विकास के लिए तथा घोसी लोकसभा में व्यापार के नए अवसरों को तलाशने तथा स्थापित करने के लिए मऊ जिले में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) से सम्बंधित एक विशेषज्ञों की टीम को जनपद मऊ में आमंत्रित किया तथा जनपद के उद्यमियों के साथ संवाद स्थापित किया।

 

आपको बताते चलें कि मऊ जिले में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) बड़ी संख्या में मौजूद हैं, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और लोगों को रोजगार प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साड़ी उद्योग और ज़री के काम के लिए प्रसिद्ध मऊ को अक्सर उत्तर प्रदेश का मैनचेस्टर कहा जाता है। यहां मैन्युफैक्चरिंग, कृषि संबंधी कार्यों और पारंपरिक हस्तशिल्प से जुड़े लघु एवं मध्यम उद्यम मिलकर इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाते हैं।

 

उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी लघु एवं मध्यम उद्यम राज्यों में से एक है, जहां विभिन्न क्षेत्रों में 17 लाख से अधिक पंजीकृत उद्यम कार्यरत हैं। यह मजबूत आधार राज्य में उद्यमशीलता की गहराई को दर्शाता है और बदलते बाजार की स्थितियों और डिजिटल परिवर्तन के युग में लघु एवं मध्यम उद्यमों को निरंतर सहयोग एवं समर्थन की आवश्यकता को भी रेखांकित करता है।

 

इस संदर्भ में, घोसी सांसद श्री राजीव राय मऊ और आसपास के क्षेत्रों में लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए डिजिटल और ई-कॉमर्स मीडिया के उपयोग को बढ़ावा दे रहे हैं ताकि वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें और पारंपरिक बाजारों से परे देश और विदेश में खरीदारों से जुड़ सकें।

 

इस पहल के तहत, आइडियाज टू इम्पैक्ट फाउंडेशन के सहयोग से 26 दिसंबर, 2025 को मऊ में "एमएसएमई कनेक्ट कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य डिजिटल वाणिज्य और बाजार तक पहुंच के बारे में जागरूकता बढ़ाना था। फ्लिपकार्ट और वॉलमार्ट जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपलब्ध अवसरों पर भी प्रकाश डाला गया, जिसमें ऑनलाइन बिक्री, डिजिटल तत्परता और राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बाजार विस्तार जैसे विषय शामिल थे।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए घोसी सांसद श्री राजीव राय ने कहा, "एमएसएमई हमारी अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव और रोजगार का एक प्रमुख स्रोत हैं। ई-कॉमर्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म को अपनाकर, मऊ के स्थानीय उद्यम क्षेत्रीय बाजारों से आगे बढ़ सकते हैं, सतत रूप से विस्तार कर सकते हैं और नए आर्थिक अवसर पैदा कर सकते हैं। घोसी सांसद राजीव राय ने कहा कि मेरा सपना है कि मऊ का बेटा विदेशों में जाकर बँधुआ मजदूरी ना करे, बल्कि अपने घर में रहकर अपना व्यवसाय करे, जीवन में तरक़्क़ी करे और खुद दूसरों को नौकरी दे।”

 

यह पहल क्षेत्र में लघु एवं मध्यम उद्यमों को सशक्त बनाने और बाजार से जुड़े विकास को बढ़ावा देने में डिजिटल प्लेटफार्मों की भूमिका को उजागर करती है।

 

घोसी सांसद राजीव राय का यह पहल निश्चित रूप से छोटे-बड़े उद्यमियों के लिए नए अवसरों को तलाशने में सहयोग प्रदान करेगा।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< राहुल उर्फ आयुष यादव हत्याकांड: पुलिस ने मुठभेड़ में चार आरोपितों को मारी गोली
माफिया रमेश सिंह काका ने बेटे पर चलाई गोली, केस दर्ज >>