बाइक व चार पहिया की टक्कर में एक की मौत एक घायल

रतनपुरा, मऊ । बाइक और चार पहिया वाहन की जोरदार टक्कर में एक की मौत हो गई एवं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। बुधवार की शाम लगभग 5:15 बजे नसीराबाद कला ग्राम पंचायत निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख अक्षय कुमार राजभर 52 वर्ष पुत्र शिकिल राजभर मऊ कचहरी से थाने आए और हलधरपुर थाने पर लगभग एक घंटा रुकने के पश्चात वह बाइक से अपने गांव के लिए चले । बाइक अक्षय कुमार राजभर पूर्व प्रमुख चला रहे थे और पीछे नसीराबाद कला के इटवार पुरवा निवासी तेज बहादुर राजभर 50 बरस पुत्र राधिका राजभर बैठे हुए थे । जैसे ही बाइक मेऊडी कला चट्टी पर आई पीछे से तेज गति से आ रहे एक चार पहिया वाहन ने अनियंत्रित होकर जोरदार टक्कर मार दी । इस टक्कर से दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल होकर तड़फङाने लगे । स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां तेज बहादुर राजभर की मौत हो गई एवं पूर्व प्रमुख अक्षय कुमार राजभर गंभीर रूप से घायल थे । प्राथमिक उपचार के बाद पूर्व प्रमुख को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया । अक्षय कुमार राजभर एवं तेज बहादुर राजभर दोनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर जैसे ही क्षेत्र में आई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई । सभी इस दुर्घटना पर विधि के विधान को कोस रहे थे । मृत तेजबहादुर राजभर अपने परिवार के एक मात्र कमाऊ सदस्य थे । उनके परिवार में उनके माता कलावती,पिता राधिका राजभर , पत्नी माया देवी एवं दो पुत्र पंकज 19 वर्ष और विशाल 8 वर्ष सबका रोते-रोते बुरा हाल है । परिजनों के आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं सूचना पर स्थानीय पुलिस भी पहुंची और अपनी आवश्यक कार्यवाही में जुट गई ।

