आशीष हत्याकांड के चार आरोपी गिरफ्तार

रतनपुरा मऊ। हलधरपुर थाना क्षेत्र के मझौली ग्राम पंचायत में हुई आशीष हत्याकांड के चार नामजद आरोपियों को हलधरपुर पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त कर ली है। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि 16 जुलाई को सरे शाम सरेराह 5:00 बजे के लगभग नेशनल हाईवे पर नौ हमलावरों ने लाठी, सरिया और हथौड़ा के जरिए आशीष मद्धेशिया पुत्र घुरहू मद्धेशिया निवासी मझौली थाना हलधरपुर जनपद मऊ की हत्या कर दी, और हमलावर फरार हो गए। हत्यारोपियों के विरुद्ध मृतक के पिता घुरहू मद्धेशिया पुत्र स्वर्गीय कन्हैया मद्धेशिया के तरफ से 9 लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया। जिसमें छह नामजद और तीन अज्ञात थे। सरे राह सरे शाम हुई यह हत्या हलधरपुर पुलिस के लिए चुनौती बन गई थी। थानाध्यक्ष शत्रुंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, और 19 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर इन चार हत्यारोपियों को दतौड़ा के नहर पुलिया से गिरफ्तार कर लिया गया। यह सभी हलधरपुर थाना क्षेत्र से भागने की फिराक में थे। गिरफ्तार हत्यारोपियों में दिलीप यादव पुत्र लक्ष्मण यादव निवासी मझौली थाना हलधरपुर, राजन शर्मा पुत्र जीतन शर्मा निवासी परमानंद पट्टी थाना हलधरपुर, रामपुकार चौहान पुत्र रामचंद्र चौहान निवासी मझौली थाना हलधरपुर तथा रामप्रवेश साहनी पुत्र बिहारी साहनी निवासी भीटी थाना कोतवाली जनपद मऊ हैं।हत्यारोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड विधान की धारा 147/ 148 और 302 के तहत अभियोग पंजीकृत है।

