जिलाधिकारी ने दिए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश





 

मऊ। जिला अधिकारी  अरुण कुमार के अध्यक्षता में जनपद में 50 लाख तथा उससे ऊपर की निर्माणधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न हुई ।

समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता पैकेफेड ने बताया कि उनके द्वारा जनपद में कुल 8 परियोजनाओ का निर्माण कार्य किया जा रहा है,जिनमें से दो पूर्ण हो चुकी हैं शेष पर कार्य प्रगति पर है।

अधिशासी अभियंता सिडको ने बताया कि उनके द्वारा जनपद में कुल 3 परियोजनाओं पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। धनाभाव के कारण अभी तक कोई भी निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद द्वारा कुल 2 निर्माण कार्य किए जा रहे हैं,जो पूर्ण होने के कगार पर हैं। बैठक के दौरान अधिशासी अभियंता यू.पी.पी.सी.एल. ने बताया कि उनके द्वारा जनपद में कुल 7 परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है जिनमें एक पूर्ण हो चुकी है, एक में अभी कार्य आरंभ नहीं हुआ है। शेष में कार्य प्रगति पर है।इस दौरान कार्यदाई संस्था यू.पी.पी.सी.एल. द्वारा घोसी के नेमडाड में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान घटिया सामग्री के प्रयोग का मामला प्रकाश में आने पर जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्था के अधिशासी अभियंता को इसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।

कार्यदाई संस्था सी.&डी.एस. द्वारा चलाई जा रही निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान घोसी में 100 शैया चिकित्सालय में कई स्थानों में आई दरार को देखकर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को कड़ी फटकार लगाते हुए इसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।

उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम लिमिटेड द्वारा जनपद में कराए जा रहे निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता ठीक नहीं पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी फटकार लगाते हुए सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाए रहे निर्माण कार्यों में कई पुरानी परियोजनाओं में अभी तक बहुत ही कम भौतिक प्रगति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को दिए।

त्वरित आर्थिक विकास योजना की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने बताया कि 50 लाख से ऊपर जनपद में कुल 10 परियोजनाओं पर निर्माण कार्य चल रहा है, जिनमें तीन पूर्ण हो चुकी हैं।शेष सात के लिए अवशेष धनराशि की मांग की गई है। इसी प्रकार 50 लाख से कम कुल 10 परियोजनाओं में 3 पूर्ण हो चुकी हैं, शेष 7 में दूसरी किश्त की मांग की गई है।पूर्वांचल विकास विधि के जिलांश से निर्माणाधीन कुल 27 परियोजनाओं की धीमी प्रगति एवं परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की संतोषजनक रिपोर्ट प्रस्तुत न करने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग का वेतन रोकते हुए 15 दिनों के अंदर सारे कार्यों की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा। जनपद में सिंचाई विभाग द्वारा संचालित परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने हथिनी बांध पर पीचिंग का कार्य अभी तक संपन्न ना होने पर इसे 1 महीने के अंदर पूर्ण करने के निर्देश दिए, साथ ही एक जनपद स्तरीय अधिकारी, उप जिलाधिकारी एवं ए. ई. स्तर के अधिकारी की जांच टीम बनाकर इस परियोजना के निर्माण की जांच कर 15 दिन के अंदर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि योजना, क्रिटिकल गैप आदि की भी समीक्षा की। जिला अधिकारी श्री अरुण कुमार ने बैठक के दौरान सभी अधिकारियों को कम प्रगति वाले सारी परियोजनाओं में तेजी लाते हुए गुणवत्ता पूर्ण ढंग से समय के अंदर ही पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही की भी चेतावनी दी।

इस दौरान जिला विकास अधिकारी उमेश तिवारी, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी दद्दन कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण जितेंद्र सिंह एवं आर.पी .सिंह यादव एवम् सभी संबंधित कार्यदाई संस्थाओं के अधिशासी अभियंता उपस्थित थे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< माहपुर निवासी मटरू यादव को न्यायालय ने भेजा जेल
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर प्रकाश हॉस्पिटल में लगा नि:शुल्क परामर्श शिविर >>