क्यों जिलाधिकारी ने जिले के समस्त नायब तहसीलदारों को लगाए फटकार

मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में कर करेत्तर राजस्व वसूली एवं राजस्व कार्यो की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। जिलाधिकारी द्वारा निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष कर प्राप्तियो पर विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान स्टांप शुल्क,आबकारी, विद्युत, परिवहन, खनन आदि में लक्ष्य के सापेक्ष कम प्राप्तियो पर जिलाधिकारी ने इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। खनन विभाग द्वारा गत माह किए गए प्रवर्तन कार्यों की जांच करने एवं इनकी नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को दिए। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने तहसील में अमीन वार आर.सी. की सूची यथाशीघ्र उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।जनपद स्तर पर 10 बड़े बकायेदारों से वसूली की चर्चा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों में वसूली की स्थिति ठीक ना पाए जाने पर तहसीलदारों को 1 महीने की नोटिस जारी करने के उपरांत वसूली की स्थिति में सुधार न होने पर प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने की भी चेतावनी दी। जन शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने साथ ही संतोषजनक रिपोर्ट लगाने को कहा।उन्होंने शिकायतकर्ता से बातचीत कर उससे फीडबैक लेने की व्यवस्था भी समस्त तहसीलों में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजस्व वादों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा के दौरान उप जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं तहसीलदार (न्यायिक) स्तर पर निस्तारण की प्रगति धीमी होने पर उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों एवम् तहसीलदार को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए। नायब तहसीलदार स्तर पर निस्तारण की स्थिति अत्यंत खराब पाए जाने पर उन्होंने समस्त नायब तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने 5 वर्ष से ऊपर के सभी लंबित मामलों का प्रतिदिन सुनवाई कर उनका यथा शीघ्र निस्तारण करने के भी निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए। कृषि एवं आवासीय भूमि आवंटन में समस्त तहसीलों की स्थिति अत्यंत खराब पाए जाने पर जिलाधिकारी ने समस्त तहसीलदारों को 1 सप्ताह के अंदर पात्र लोगों को पट्टा की कार्रवाई पूर्ण करने को कहा। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियो को निर्धारित कार्यों को समय से गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने को के निर्देश दिए।अन्यथा की स्थिति में सम्बन्धित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की चेतावनी भी दी। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के अंदर ही जाति एवं आय प्रमाण पत्र जारी करने के भी निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, अंश निर्धारण, विभागीय कार्यवाही,स्वामित्व योजना आदि की भी विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी श्री भानु प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट नीतीश कुमार सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त तहसीलदार सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

