पुरानी पेंशन योजना मात्र पेंशन नहीं, बल्कि बुढ़ापे का सम्मान है -- डॉ. रामविलास भारती

मऊ। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ उ.प्र. के प्रांतीय आह्वान पर जनपद मऊ द्वारा प्रदेश सरकार द्वारा 01अप्रैल 2005 से पुरानी पेंशन का लाभ न दिए जाने एवं वित्त नियंत्रक प्रयागराज द्वारा जबरन नई पेंशन योजना लागू करने के विरोध में विशाल धरना-प्रदर्शन करते हए माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश-लखनऊ को संबोधित ज्ञापन जिलाध्यक्ष डॉ. रामविलास भारती की अध्यक्षता में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.संतोष कुमार सिंह एवं वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक) उमाशंकर सिंह को दिया गया। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. रामविलास भारती ने कहा कि पुरानी पेंशन योजना (एन.पी.एस.) मात्र पेंशन नहीं है, बल्कि यह बुढ़ापे का सम्मान है। हमें एन.पी.एस. नहीं, बल्कि ओ.पी.एस. चाहिए, इसलिए समाज एवं शिक्षक हित में 01अप्रैल 2005 से पुरानी पेंशन योजना बहाल किया जाना नितांत आवशक है। डॉ.भारती ने कहा कि नई पेंशन योजना जबरन शिक्षकों पर लागू न किया जाय। वित्त नियंत्रक बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज उत्तर प्रदेश द्वारा अपने पत्र दिनांक 22 दिसम्बर 2022 के माध्यम से बेसिक शिक्षकों पर जबरदस्ती स्वीकार करने का प्रयास किया जा रहा है। और न स्वीकार करने की स्थिति में जबरन वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं, जो बेसिक शिक्षकों के साथ तानाशाही पूर्ण व्यवहार है। जिला कोषाध्यक्ष सच्चिदानंद यादव ने कहा कि वित्त नियंत्रक अपना पत्र वापस लें। एन.पी.एस. योजना 01अप्रैल 2005 में लागू की गई थी, जो कि स्वैच्छिक है। इसे अनिवार्य करना तानाशाही है। ओ. पी. चंद्रा ने कहा कि नई पेंशन योजना हेतु 17 वर्षों बाद इस प्रकार की जबरदस्ती किया जाना प्रदेश के बेसिक शिक्षकों के साथ अन्याय है। ममता पाण्डेय ने कहा कि वित्त नियंत्रक के इस तानाशाही पूर्ण आदेशों से प्रदेश का बेसिक शिक्षक आक्रोशित है। प्रवीण श्रीवास्तव ने कहा कि पुरानी पेंशन कई राज्यों में लागू हो चुकी है और सभी विभाग के लोगों को एकमत होकर इस लड़ाई को धार देना होगा।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अनवारूल हक ने किया। इस अवसर ओ.पी. चंद्रा, तपेश्वर राम, प्रवीण श्रीवास्तव, ममता पाण्डेय, प्रेमलता यादव, रिजवान अहमद, अनुज कुमार, संदीप कुमार, दिनेश कुमार सिंह , मनोज कुमार, शिवशंकर राम, विजय कुमार, रामानंद यादव, मनोज शर्मा आदि उपस्थित रहे।

