निवेश व मैन पावर के सदुपयोग से यूपी बनेगा सक्षम उत्तर प्रदेश- प्रभारी मंत्री अनिल राजभर

*ग्लोबल इन्वेस्टर्स सम्मिट की सफलता को लेकर माननीय प्रभारी मंत्री ने की प्रेस वार्ता*
मऊ। कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के प्रभारी मंत्री अनिल राजभर जी ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स सम्मिट की सफलता को लेकर एक प्रेस वार्ता की।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा की वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश निवेश के क्षेत्र में देश में 12वें स्थान पर था। वहीं अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल निर्देशन में उत्तर प्रदेश निवेश की दृष्टिकोण से देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। आने वाले एक साल में हम पहले ही स्थान पर नहीं पहुंचेंगे, बल्कि उत्तर प्रदेश "सक्षम उत्तर प्रदेश" बन सकेगा।
कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री राजभर ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर सम्मिट के बाद दुनिया में यूपी सरकार के प्रयास की सराहना ही नहीं हुई, बल्कि हम ₹10 लाख करोड़ के सापेक्ष ₹32.5 लाख करोड़ के निवेश का प्रस्ताव लाने में सफल रहे। यूपी की छवि बदलने का काम हमारी सरकार ने किया, लिहाजा निवेशकों की भीड़ बढ़ गई। उन्होंने बताया कि अकेले पूर्वांचल में लगभग ₹10 लाख करोड़ का निवेश हुआ। जबकि प्रदेश का सबसे पिछड़ा क्षेत्र माना जाने वाला बुंदेलखंड में ₹5 लाख करोड़ के निवेश का प्रस्ताव आया। वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, झांसी इत्यादि जनपदों में भी व्यापक पैमाने पर निवेश का प्रस्ताव आया जो अपने आप में काफी गौरवशाली रहा है। ये सभी जनपद टॉप 10 की सूची में शामिल हुए।निवेश के प्रस्ताव को धरातल पर उतारने के क्रम में उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी के निर्देश पर हर छह माह में निवेश को धरातल पर उतारने के गतिविधियों का निरीक्षण भी होगा। इसके साथ ही निवेशकों के सभी समस्याओं का निस्तारण सरकार की प्राथमिकता होगी।
उन्होंने इन्वेस्टर सम्मिट की सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी को देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा था कि "देश के विकास की गाड़ी का इंजन बनेगा उत्तर प्रदेश"। इसे हमने "सिद्धांत वाक्य" के रूप में प्रयोग किया। जिसका फल यह रहा कि आज उत्तर प्रदेश निवेशकों को अपने यहां लाने में काफी हद तक सफल रहा है। उन्होंने बताया कि यह केवल बड़े उद्योगों के लिए ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश सरकार की इस के माध्यम से आमजन को जोड़ने की योजना है।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि आगामी 22 फरवरी को जो बजट प्रस्तुत होगा निश्चित रूप से विकसित भारत के ग्रोथ इंजन का प्रस्तुतीकरण होगा। उन्होंने विपक्षियों पर प्रहार करते हुए कहा कि विपक्ष ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को विफल करने का प्रयास किया जो काफी निंदनीय रहा। विपक्ष सरकार की योजनाओं से हताश है। हालांकि उन्होंने निवेशकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि लाख दुष्प्रचार के बावजूद उत्तर प्रदेश काफी तेजी से सक्षम उत्तर प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। उद्योगों के लिए भूमि की कमी के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि उद्योग के लिए भूमि की कमी नहीं होने देंगे, जरूरत पड़ी तो सरकार उद्यमियों को भूमि खरीद कर उपलब्ध कराएगी।
हम निवेशकों को जमीन की कमी कतई नहीं होने देंगे। उद्योग लगाने के लिए सभी औद्योगिक योजनाओं को जमीन मुहैया कराई जाएंगी। गौरतलब हो कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व में ही घोषणा कर दी गई है कि प्रदेश भर में बंद पड़ी यूपी स्पिनिंग मिलों का प्रयोग औद्योगिक उपयोग में ही किया जाएगा। बंद पड़ी मिलो के सवालों का जवाब देते हुए माननीय मंत्री जी ने कहा की सभी चलने योग्य मिलो को पुनः संचालित करने का प्रयास होगा। अन्यथा की स्थिति में सरकार अन्य विकल्पों पर विचार करेगी।
प्रेस वार्ता के पूर्व कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री अनिल राजभर, जिलाधिकारी अरुण कुमार,पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे,सभी प्रेस प्रतिनिधियों,जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं उद्योग बंधु के सदस्यों के समक्ष ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की सफलता के संबंध में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।

