जिले में आज से घर-घर खोजे जायेगे टीबी मरीज

मऊ। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत चल रहे सक्रिय टीबी रोगी खोज अभियान में 5,606 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग हुई। यह अभियान 5 मार्च तक चलेगा। अभियान के दौरान 110 लोगों के बलगम जांच के लिए भेजा गए हैं। वहीं एक्स-रे से एक व्यक्ति में टीबी की पुष्टि हुई है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नरेश अग्रवाल ने दी। सीएमओ ने बताया कि सभी नौ ब्लाकों में लगे स्वास्थ्य कर्मी कुल आबादी का 20 प्रतिशत कवर करेंगे। भारत को 2025 तक टीबी मुक्त करने के दिशा में यह बेहद सक्रिय अभियान है। अब तक के अभियान में एक नया टीबी का रोगी मिला जिसका इलाज शुरू कर दिया गया है। रजिस्ट्रेशन के बाद निक्षय पोषण योजना के तहत 500 रुपये प्रति माह इलाज के दौरान पौष्टिक आहार के लिये उसके बैंक खाते में सीधे जाएंगे। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ गिरिजेश चंद्र पाठक ने बताया कि 24 फरवरी से घर-घर टीबी रोगी खोजी अभियान शुरू होगा। इसमें नगर समेत सभी नौ ब्लाकों की 20 प्रतिशत आबादी को कवर किया जाएगा। घर-घर जाकर लक्षणों के आधार पर टीबी के रोगियों की पहचान की जाएगी। इसके सफल संचालन के लिये 196 टीमें लगाई गई हैं। इनकी निगरानी के लिये 40 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। हर जांच केंद्र पर लैब टेक्नीशियन लगाये गए हैं जो लगातार स्पुटम की जांच कर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। सभी नौ ब्लाकों के अभियान का मेडीकल ऑफिसर निगरानी एवं पर्यवेक्षण का कार्य कर रहें हैं। डीटीओ डॉ जीसी पाठक ने बताया कि सामान्यतया टीबी के लक्षणों में दो सप्ताह या उससे अधिक समय से लगातार खांसी का आना, खांसी के साथ बलगम का आना, बुखार आना (विशेष रूप से शाम को बढ़ने वाला), वजन का घटना, भूख कम लगना, सीने में दर्द और बलगम के साथ खून आना आदि है। उन्होंने बताया कि टीबी के मरीज खांसते-छींकते समय नाक-मुंह को कपडें से ढक कर रखें और इधर-उधर न थूकें, जिससे यह अन्य लोगों में न फैले। किसी भी व्यक्ति में इसमें से किसी तरह के लक्षण दिखाई देने पर सीधे अपने निकटतम टीबी सेंटर या स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच कर जाँच और इलाज करा सकते हैं, जिसमें टीबी होने पर आर्थिक मदद के साथ दवा का पूरा खर्च सरकार वहन करती है।

