जाने सपा ने मनाई किसकी जयंती

मऊ। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव की अध्यक्षता में भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। साथ ही लोगों में मिष्ठान वितरित कर इस राष्ट्रीय पर्व पर सभी से बाबा साहब के लिए अपने घरों में दीप जलाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने कहा कि डॉ भीमराव आम्बेडकर बाबा साहेब के नाम से लोकप्रिय, भारतीय विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ, और समाजसुधारक थे। उन्होंने दलित बौद्ध आंदोलन को प्रेरित किया और अछूतों के।लिए सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध अभियान चलाया था। श्रमिकों, किसानों और महिलाओं के अधिकारों का समर्थन भी किया था।
कहा कि आम्बेडकर के पिता का नाम रामजी सकपाल और माता का नाम भीमाबाई था। 1896 में आम्बेडकर जब पाँच वर्ष के थे तब उनकी माँ की मृत्यू हुई थी। इसलिए उन्हें बुआ मीराबाई ने पाला था, जो उनके पिता की बडी बहन थी।
विधायक और पूर्व मंत्री राजेन्द्र कुमार ने कहा कि बाबा साहब ने भारत में लोकतंन्त्र को मजबूत करने और मूल अधिकारों को दिलाने में जो कार्य किया उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। कहाकि हिंदू पंथ में व्याप्त कुरूतियों और छुआछूत की प्रथा से तंग आकार सन 1956 में बाबा साहब ने बौद्ध धर्म अपना लिया था। सन 1990 में, उन्हें भारत रत्न, भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से मरणोपरांत सम्मानित किया गया।
राष्ट्रीय सचिव रामहरि चौहान ने कहा कि बाबा साहब स्वतंत्र भारत के प्रथम विधि एवं न्याय मन्त्री, भारतीय संविधान के जनक एवं भारत गणराज्य के निर्माताओं में से एक थे।
आम्बेडकर विपुल प्रतिभा के छात्र थे। उन्होंने कोलंबिया विश्वविद्यालय और लंदन स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स दोनों ही विश्वविद्यालयों से अर्थशास्त्र में डॉक्टरेट की उपाधियाँ प्राप्त कीं तथा विधि, अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान में शोध कार्य भी किये थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व एमएलसी रामजतन राजभर और।लीलावती कुशवाहा ने कहाकि ने कहाकि बाबा साहब का राजनीतिक अधिकारों की वकालत करने और दलितों के लिए सामाजिक स्वतंत्रता की वकालत और भारत के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से राष्ट्रीय सचिव हाजी इरफान, पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव, शैलेन्द्र यादव साधू, अल्ताफ अंसारी, अरशद जमाल, कुद्दुस अंसारी,रामधनी चौहान, पंकज उपाध्याय, वीरेंद्र चौहान, सीताराम कुशवाहा, डॉ ओमप्रकाश यादव, जयप्रकाश यादव, बन्ने खां, राजेन्द्र यादव, मुख्तार हुसैन, धर्मेंद्र यादव बिहारी, रामनगीना कवि, आदि उपस्थित रहे।

