शांति एवं आपसी सद्भाव से मिलजुल कर मनाएं त्यौहार : जिलाधिकारी।*

मऊ। आगामी श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा, सावन मेला एवं अन्य त्योहारों के दृष्टिगत जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने श्रावण मास के दौरान रूट डायवर्जन, मंदिरों के आसपास विशेष सफाई, कावड़ यात्रा के रास्तों की विशेष साफ सफाई, कावड़ यात्रा के दौरान यातायात की समस्या को दूर करने,बड़े नालों के साथ ही अंदर के नालों की विशेष साफ-सफाई, आजमगढ़ मोड़ पर खुले नाले को ढकने,तथा कावड़ यात्रा पर पड़ने वाले रास्तों के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था की समस्या से समिति को अवगत कराया। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ने कांवड़ यात्रा एवम् अन्य त्योहारों के दौरान नगर पालिका परिषद द्वारा किए जाने वाले समस्त कार्यों को ठीक ढंग से संपन्न करने का आश्वासन समिति के सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद श्रावण मास के दौरान पडने वाले त्योहारों को ठीक ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं आएगी।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए त्योहारों के दृष्टिगत महत्वपूर्ण समस्त विभागों को सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को देखते हुए मंदिरों के आसपास एवं कावड़ यात्रा पर पड़ने वाले रास्तों पर भी विशेष साफ सफाई के निर्देश दिए। कावड़ यात्रा के दौरान रास्तों पर खुले में मांस की बिक्री ना करने तथा शराब की दुकान पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी से शांति एवं सद्भाव पूर्ण ढंग से श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा, सावन मेला सहित अन्य त्योहारों को मनाने की अपील की।उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आप लोगों के सहयोग से पूर्व में भी सारे त्यौहार सकुशल संपन्न हुए हैं। अतः आगे भी आप लोग जिला प्रशासन का सहयोग करें, जिससे आने वाले समस्त त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराया जा सके। उन्होंने सभी से आपस में मिलजुल कर त्यौहार मनाने की अपील की। शांति समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश पांडे ने पुलिस प्रशासन को कावड़ यात्रा के दौरान विशेष सजग रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कावड़ यात्रा के दौरान डीजे की ऊंचाई एवं आवाज की सीमा पर नजर रखने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। बैठक के दौरान ही अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक एवं नगर मजिस्ट्रेट ने भी अपने विचार रखे।इस दौरान पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे, अपर जिला अधिकारी भानु प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्री महेश कुमार अत्री, नगर मजिस्ट्रेट नीतीश कुमार सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्अरशद जमाल,सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिला शांति समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

