जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक संपन्न।*

मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत जनपद मऊ को 55 का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके सापेक्ष 48 आवेदन पत्र बैंकों में प्रेषित हैं, जिनमें से 23 आवेदन पत्र स्वीकृत भी हो चुके हैं तथा 20 आवेदन पत्रों पर वितरण की कार्यवाही विभिन्न बैंकों द्वारा की जा चुकी है।।इसी प्रकार मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत कुल 78 लक्ष्य के सापेक्ष 22 आवेदन पत्र बैंकों में प्रेषित किए जा चुके हैं, जिनमें में से 10 में स्वीकृति भी मिल चुकी है। एक जनपद एक उत्पाद वित्तपोषण मार्जिन मनी योजना हेतु कुल 29 लक्ष्य के सापेक्ष 4 आवेदन बैंको को प्रेषित किए जा चुके है। हस्तशिल्प विपणन योजना एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना हेतु इस वर्ष अभी तक कोई लक्ष्य प्राप्त नहीं है। औद्योगिक क्षेत्र सहादतपुरा के नाला एवं पानी की निकासी के संबंध में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद ने बताया कि इस हेतु टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, शीघ्र ही इस पर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसी प्रकार औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर के नालों की सफाई की समीक्षा के दौरान यूपी सीडा के प्रतिनिधि ने बताया कि उक्त मद में कार्य के सापेक्ष अभी 50% धनराशि का ही भुगतान किया गया है। इसके अलावा क्षेत्र में साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था ना होने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को सप्ताह में कम से कम एक बार पूरे औद्योगिक क्षेत्र की साफ-सफाई एवं कूड़े की उठान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर मऊ में विद्युत सबस्टेशन की स्थापना की चर्चा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को इस संबंध में सारी निर्धारित प्रक्रिया अपनाते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिला उद्योग बंधु के सदस्यों ने औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर में विद्युत ट्रिपिंग की समस्या, औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर का नगर पालिका परिषद मऊ की सीमा में स्थानांतरण, एनएच 29 पर बढुआ गोदाम क्षेत्र के दक्षिण पश्चिम की तरफ साइफन बनाने के कारण उत्पन्न समस्या एवं औद्योगिक क्षेत्र सहादतपुरा में नाले एवं कूड़े की सफाई के संबंध में भी अपने विचार रखे। जिलाधिकारी ने एनएच 29 पर बढुवा गोदाम औद्योगिक क्षेत्र के दक्षिण पश्चिम की तरफ साइफन बनाने के कारण समस्या के समाधान हेतु क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखने के उपरांत भी कोई कार्यवाही ना होने पर पुनःअनुस्मारक पत्र भेजने के निर्देश उपायुक्त उद्योग को दिए। औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर, मऊ का नगर पालिका परिषद मऊ की सीमा में स्थानांतरण के संबंध में चर्चा के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक यूपी सीडा ने बताया कि 1 माह के अंदर औद्योगिक क्षेत्र ताजोपुर को नगर पालिका परिषद को हैंड ओवर कर दिया जाएगा।बैठक में जिलाधिकारी ने सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं के संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल इस संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कारखाना अधिनियम 1948 के तहत जनपद में औद्योगिक प्रतिष्ठानों के पंजीकरण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सहायक श्रम आयुक्त को शीघ्र ही सर्वे कार्य को पूर्ण करते हुए इस काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद में संचालित समस्त हैंडलूमो का विद्युत विभाग, श्रम विभाग एवं तहसील स्तर के अधिकारी की टीम बनाकर जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही उनके विद्युत कनेक्शन एवं उपभोग की स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इस कार्य हेतु आवश्यक होने पर उन्होंने पुलिस बल का भी सहयोग लेने को कहा।ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 के ग्राउंड ब्रेकिंग सेरिमनी की तैयारियों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त उद्योग ने बताया कि जनपद से कुल 29 चिन्हित इकाइयों में से 15 इकाइयों में, जिनमें 148 करोड का पूंजी निवेश प्रस्तावित था, कार्य प्रारंभ हो गया है। शेष 14 इकाइयों,जिनमें 148 करोड़ का पूंजी निवेश प्रस्तावित है,के आगामी 4 माह के अंदर उत्पादन का कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इन्वेस्टर्स समिट के दौरान जनपद में निवेश हेतु कुल 126 इंटेंट के एमओयू साइन हुए हैं,जिनसे 6953.50 करोड रुपए का निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुआ था। जिला अधिकारी ने प्रस्तावित निवेशों को धरातल पर उतारने हेतु जनपद के नामित नोडल अधिकारी को इस संबंध में उद्यमियों एवं उपायुक्त उद्योग से वार्ता स्थापित करते हुए अधिक से अधिक उद्यमियों द्वारा जनपद में प्रस्तावित निवेशों को धरातल पर उतारने हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर, उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी एवं उद्योग बंधु के सदस्य उपस्थित रहे।

