भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ अध्यक्षों में भरा जोश

मऊ। भाजपा द्वारा घोसी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए घोसी तथा मधुबन विधानसभा में बूथ सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी उपस्थित रहे।
जिन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र के सामने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मंच पर उपस्थित जिला अध्यक्ष नूपुर अग्रवाल संयोजक मुन्ना दूबे तथा प्रभारी देवेंद्र सिंह ने स्थानीय विधायक रामविलास चौहान एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को पटका पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने उपस्थित सभी बूथ अध्यक्षो को चुनाव जीतने का मंत्र दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता एवं बूथ अध्यक्ष तथा प्रभारी घर-घर जाकर सरकार एवं पार्टी की उपलब्धि जनता को बताएं। सरकार द्वारा जनहित में चलाई गई योजनाएं एवं जनहित में किए गए कार्यो को जनता के सामने प्रस्तुत करें। उन्होंने आगे कहा कि यह चुनाव सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास का चुनाव है।
प्रदेश अध्यक्ष ने बूथ अध्यक्षों को पार्टी का आधार बताते हुए 2024 फतेह करने का जज़्बा भरा। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि 2024 में पार्टी की जीत की हैट्रिक में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका बूथ अध्यक्ष निभाएंगे।
प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायन शुक्ल ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता व बूथ अध्यक्ष टोली बनाकर प्रचार करे। पार्टी प्रत्याशी को पहले से और अधिक मतों से विजयी बनाने का संकल्प लेते हुए अपने बूथ को जीतना है। कहा कि प्रत्येक बूथ के घर-घर जाकर संपर्क कर मतदाताओं को जागरूक करना है। हरेक बूथ अध्यक्ष को अपने बूथ से अपने प्रत्याशी को जिताकर भेजना है।
कहा, उन्हें पूर्ण विश्वास है कि देश को सही दिशा में ले जाने के लिए जनता इस बार भी उन्हें आर्शीवाद देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूती देंगी।
इस दौरान जिलाध्यक्ष नूपुर अग्रवाल रामविलास चौहान यशवंत सिंह रिशु सिंह संतोष राय कृष्ण कांत राय प्रवीण कुंवर सिंह सहित मधुबन तथा घोसी दोनो विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्ष बूथ अध्यक्ष प्रभारी उपस्थित रहे।

