डबल डेकर बस पलटी, 14 यात्री घायल; तीन की हालत नाजुक





 

-बिहार से वाराणसी जा रही बस मुरली ढाबा के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटी

जागरण संवाददाता, पूराघाट(मऊ):

 बुधवार भोर में कोपागंज थाना क्षेत्र के डांडी सबस्टेशन के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। बिहार के गोपालगंज से वाराणसी जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में महिला, पुरुष और बच्चों सहित 14 यात्री घायल हो गए। घायलों को पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल मऊ पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इनमें से तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

यात्रियों ने लगाया गंभीर आरोप

 

घायल यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस चालक नशे में था, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। कई यात्री अपने मायके जा रहे थे, जबकि कुछ लोग वाराणसी के बीएचयू अस्पताल में इलाज के लिए जा रहे थे।

 

सीओ सिटी ने बताया कारण

 

सीओ सिटी अंजनी कुमार पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच में यह संभावना जताई गई है कि ड्राइवर को नींद आ गई, जिसके कारण बस मुरली ढाबा से पहले सड़क किनारे पोल और पेड़ से टकराकर पलट गई। बस में उस समय 40 से 50 यात्री सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पलटी हुई बस को क्रेन की मदद से हटाया जा रहा है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< पेट्रोल पंप पर मिली हरियाणा नंबर की लावारिश स्कूटी से सनसनी
नौ वर्षीय बालिका संग दुष्कर्म  >>