जाने मऊ में कैसे हुई तीन मासूमों की मौत





 


मऊ ।  कोपागंज थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत यूसुफपुर में शुक्रवार की अल सुबह शौच के लिए निकले तीन मासूम बच्चो  की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दर्दनाक मौत हो गयी । गड्ढे के पानी मे उतराया हुआ शव  देख ग्रामीणों के हाथ-पांव फूल गए। जैसी ही घटना की  सूचना थानाध्यक्ष कोपागंज  अजय कुमार तिवारी को हुई तो भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुँची पुलिस ने पानी भरे गड्ढे से बच्चों का शव बाहर निकालते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। एक साथ हुई तीन बच्चों की मौत से पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है ।

थाना कोपागंज अंतर्गत ग्राम पंचायत यूसुफपुर स्थित गांव के बाहर एक ईंट भट्ठे के पास खेत से मिट्टी निकाले जाने से खेत काफी गहरा हो गया था और उसमें गड्डा होने से पानी भरा  था। नित्य की भांति शुक्रवार की अल सुबह लगभग साढ़े सात बजे 5 वर्षीय अरुण पुत्र अनिल राजभर निवासी पहसा थाना हलधरपुर , 7 वर्षीय शुभम पुत्र रामअशीष राजभर निवासी यूसूफपुर कोपागंज तथा 4 वर्षीय हंस उर्फ अनील पुत्र आदित्य राजभर निवासी करनी जिला बलिया शौच के लिए गए हुए थे। तीनो मासूम शौच करने के बाद जैसे ही पानी छूने के लिए  गड्ढे के पास गये  कि पैर फिसलने से तीनों मासूम बच्चे गड्ढे के पानी में डूब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी।
काफी देर तक बच्चे के घर वापस नहीं आने पर परिजन व ग्रामीण खोजबीन के लिए निकले तो पानी से भरे गड्ढे में तीनों मासूम बच्चों का शव उतराया हुआ देखकर ग्रामीणों के पैरों तले जमीन खिसक गयी। आनन-फानन में ग्रामीणों ने इसकी तत्काल सूचना कोपागंज  पुलिस को दिया । सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजय कुमार त्रिपाठी  भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तीनों मासूम बच्चों के शव को पानी भरे गड्ढे से बाहर निकलवाते हुए शवो को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जबकि अरुण व अनिल दोनों रामशीष के घर ननिहाल में आये हुए थे । उधर अरुण की मां प्रतिमा और अनिल की मां माधुरी देवी का बच्चो की मौत से  रो-रो कर काफी बुरा हाल था। एक साथ घटित हुई तीन मासूम बच्चो के मौत की घटना से पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है ।


 



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< रोटरी क्लब मऊ ने लाखीपुर गाँव में कराया टीकाकरण कार्यक्रम*
मऊ के नोडल अधिकारी ने भू-माफियाओं एवं अतिक्रमण कर्ताओं के विरुद्ध कार्यवाही के दिये निर्देश >>